मथुरा। केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा संस्थानों में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया। वक्ताओं ने चिकित्सा जगत में नर्सों की भूमिका को रीढ़ की हड्डी बताते हुए उनके निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ केडी मेडिकल कॉलेज के डीन और प्राचार्य डॉ. आरके अशोका, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ. एनपी चानू और नर्सिंग निदेशक शीला एलेक्स ने आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण और केक काटकर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. आरके अशोका ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में डॉक्टर और नर्स एक ही गाड़ी के दो पहियों के समान हैं। सच कहें तो डॉक्टरों से कहीं बड़ी जिम्मेदारी नर्सेज निभाती हैं। इलाज में दवाओं के साथ सही देखभाल का योगदान सबसे अहम होता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह ने कहा कि मरीज की आधी बीमारी नर्स के अच्छे व्यवहार और चेहरे की मुस्कुराहट से ही ठीक हो जाती है। कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने नर्सों के कौशल विकास को और उन्नत बनाने पर बल दिया।
नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य डॉ. एनपी चानू और निदेशक शीला एलेक्स ने कहा कि नर्सिंग सिर्फ पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा है। चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने नर्सों को बधाई दी। समारोह में समीर गौतम, प्रियाकांत यादव, दीपक शर्मा, लव सिंह, निहाल सिंह, एमाउंट सिंह उर्फ मोंटी, राजीव, जयपाल, श्वेता सिंह, शाहिदा आदि मौजूद रहे।