पॉलीटेक्निक फर्स्ट ईयर के एप्लाइड फिजिक्स का पेपर गुरुवार रात नौ बजे ही छात्रों के पास पहुंच गया था। मथुरा-वृंदावन में कई छात्रों को 200-200 रुपये में पेपर दिए गए। सुबह 10 बजे सोशल मीडिया पर पेपर आने के बाद हड़कंप मचा और दोपहर में करीब दो बजे सचिव प्राविधिक शिक्षा परिषद का मेल प्राप्त होते ही परीक्षा निरस्त होने घोषणा की गई।
सचिव ने सभी परीक्षा केंद्रों से पेपरों के बंडल वापस भेजने को कहा है। इधर, वृंदावन में परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने नारेबाजी कर पुन: परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग की है।
बता दें कि पॉलीटेक्निक की वार्षिक परीक्षाओं के लिए उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा परिषद ने जिले में पीएमवी पॉलीटेक्निक कालेज वृंदावन सहित 16 सेंटर बनाए हैं।
पीएमवी पॉलीटेक्निक कालेज केंद्र पर शुक्रवार को परीक्षा देने पहुंचे छात्रों ने बताया कि रात नौ बजे उनके पास मथुरा के बीएसए कालेज के समीप रहने वाले छात्रों का फोन आया। उन्होंने 200-200 रुपये में फिजिक्स का पेपर मिलने की बात कही। इस पर कई छात्रों ने संपर्क साधा और पेपर खरीद लिए। सुबह 10 बजे तक सोशल मीडिया के जरिए लगभग सभी छात्रों के पास एप्लाइड फिजिक्स पेपर की प्रति पहुंच गई।
परीक्षा केंद्र पर जब छात्र पहुंचे तो उन्हें परीक्षा निरस्त होने की जानकारी हुई। इस पर छात्रों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस भी केंद्र पर पहुंच गई। पीएमवी पालीटेक्निक के चीफ प्रोक्टर आरएस उपाध्याय ने बताया कि दोपहर में दो बजे के बाद प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव एसके सिंह ने मेल के जरिए परीक्षा रद्द करने की सूचना कालेज प्रशासन को दी। साथ ही निर्देश दिए कि प्रश्नपत्र के पैकेट न खोले जाएं और पैकेट पर लगी सील से छेड़छाड़ न की जाए। उन्होंने प्रश्नपत्रों के सभी पैकेट 14 मई तक परिषद कार्यालय में भेजने का आदेश दिया है।
छात्रों ने प्रदर्शन कर की नारेबाजी
वृंदावन। पीएमवी पॉलीटेक्निक केंद्र पर मथुरा, वृंदावन, हाथरस, अलीगढ़, सादाबाद, फरह आदि नगरों से करीब 868 छात्र परीक्षा देने आए थे। दोपहर एक बजे तक कालेज में पहुंचे छात्रों को जब परीक्षा निरस्त होने की जानकारी मिली तो उन्होंने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। छात्र शिवम द्विवेदी, विशाल पचौरी, अरविंद भारद्वाज, विशाल कुमार, सौरभ सिंह आदि ने कहा कि यहां सैकड़ों छात्र गैर जनपद से परीक्षा देने आए हैं। यहां परीक्षा निरस्त होने की जानकारी से उन्हें निराशा हुई है। अब कालेज परीक्षा की अगली तारीख के बारे में भी नहीं बता रहा है। मामले में कालेज प्रबंधन ने परिषद की ओर से कोई आदेश मिलने पर आगे की जानकारी देने की बात कही।