रामजन्मभूमि न्यास और अयोध्या की मणिराम छावनी के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास ने कहा है कि अभी देश में धर्माचार्यों को साथ लेकर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए माहौल तैयार किया जा रहा है। कोर्ट के निर्णय के अनुसार ही काम होगा। इसमें निर्णय आना बाकी है। मंदिर निर्माण मुद्दे पर अगले साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सीधी बात होगी।
नृत्य गोपालदास शनिवार को मथुरा में स्टेशन रोड स्थित सीताराम आश्रम में वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद संत समाज अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के प्रमुख मुद्दे को भूला नहीं है। मंदिर निर्माण के लिए धर्माचार्यों संग देश में माहौल बनाया जा रहा है और कोर्ट के स्पष्ट निर्णय की प्रतीक्षा की जा रही है।
प्रयास है कि कोर्ट को पूर्व में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के इतने सबूत दिए गए हैं कि कोर्ट वहां मंदिर होना मान ले। साथ ही मंदिर निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से धर्माचार्यों को संग लेकर सीधी बात की जाएगी। नृत्य गोपालदास ने कहा कि वे राममंदिर का निर्माण उसी दिन मान चुके हैं जिस दिन ढांचा गिराया गया और रामलला की स्थापना की गई। अब सभी धर्माचार्यों और देश के लोगों की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए अयोध्या में दिव्य मंदिर बनवाया जाएगा।