राष्ट्रीय राजमार्ग लिंक रोड पर रुपये बांटने की अफवाह पर पुलिस ने एनआरआई को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक के बारे में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। उसके कागजात भी सही थे। इस पर उसे छोड़ दिया गया।
थाना हाईवे पुलिस को किसी ने सूचना दी कि चंद्रपुरी चौराहे के पास एक एनआरआई सड़क पर पांच सौ रुपये के नोट बांट रहा है। इस पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। थाने पर पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमन शर्मा बताया। मूल रूप से अमृतसर पंजाब के रहने वाले अमन फिलहाल ब्रिटेन स्थित बर्मिंघम में रहते हैं।
अमन ने पुलिस को बताया कि वह घूमने जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार खराब हो गई। वह सड़क पर खड़े होकर मैकेनिक का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने किसी कार्य से एक युवक को पांच सौ रुपये दिए।
इस पर किसी ने कंट्रोल रूम को सूचना भ्रामक सूचना दे दी। एलआईयू ने अमन शर्मा के पासपोर्ट, वीजा आदि कागजों की जांच की। एसपी सिटी शैलेश पांडे ने बताया कि जांच में सब कुछ सही पाए जाने पर अमन शर्मा को छोड़ दिया गया है।