शहीद हेमराज की पत्नी धर्मवती को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अचानक पाकिस्तान दौरा निजी तौर पर बुरा लगा है लेकिन देश हित में वह चाहती हैं कि दोनों देशों के बीच रिश्ते मजबूत हों और शांति बनी रहे।
अमर उजाला से खास बातचीत में शहीद की पत्नी ने कहा कि उनके पति की शहादत के वक्त घर पहुंचे कई नेता आज केंद्र में मंत्री हैं। उस वक्त सिर लाने की बात हुई थी। उम्मीद के अनुसार वह सब नहीं हुआ लेकिन जो भी पहल प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं, वह ठीक है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आना-जाना बढ़ेगा तो संबंधों में मिठास आएगी। शांति बनी रहने पर सीमा पर गोलीबारी नहीं होगी। इससे पति हेमराज के साथ जो घटना हुई वह किसी और सैनिक के साथ नहीं होगी।
धर्मवती इन दिनों आठ जनवरी को शहीद पति हेमराज की बरसी पर होने वाले आयोजन के सिलसिले में शेरनगर में हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हम नहीं चाहते कि दोनों देशों में अशांति का माहौल हो।
ऐसा तभी संभव होगा जब दोनों देशों के लोगों के बीच बातचीत होती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरहद पर रिश्ते सुधरने चाहिए वरना हेमराज की शहादत जैसी घटनाएं होती रहेंगी।
एक सवाल के जवाब में धर्मवती ने कहा कि उनकी प्रधानमंत्री मोदी से कोई मांग नहीं है। पीएम मोदी का पाक जाना उन्हें निजी तौर पर अच्छा भले नहीं लगा पर यह पहल जरूरी है, तभी दोनों देशों के बीच बेहतर रिश्ते बनेंगे।