अयोध्या रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज ने कहा है कि अब केंद्र सरकार से सिर्फ राम मंदिर निर्माण पर ही वार्ता होगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण हिंदू स्वाभिमान का प्रतीक है। अब देश में चारों ओर हिंदुत्व की लहर है। उससे लगता है कि इस बार राम मंदिर निर्माण में सरकार किसी प्रकार का अडंगा नहीं लगाएगी।
नृत्यगोपाल दास रविवार को फोगला आश्रम में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने सपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आज जिस प्रकार का माहौल सपा सरकार में है, ऐसा माहौल पूर्व की सरकारों में नहीं रहा। प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला है। पुलिस भी यहां सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने विहिप की ओर से अनुसूचित एवं पिछड़ी जाति के लोगों को वीर योद्धा कहे जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये लोग भी हिंदू धर्म की शान हैं। इनसे ही हमारा धर्म और मजबूत होगा। दिल्ली चुनाव पर बोले कि सर्वे के आंकड़ों पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। निर्णय आने के बाद ही हकीकत सामने आएगी।