मथुरा। डाक सेवाओं को और तेज एवं सुलभ बनाने के लिए डाक विभाग ने नई पहल शुरू की है। जिले के चार डाकघरों की डाक अब प्रधान डाकघर से ही ग्राहकों के घर पहुंचेगी। यह सेवा प्रधान डाकघर में बनाए गए एकीकृत वितरण केंद्र (आईडीसी) से सोमवार को मथुरा और वृंदावन क्षेत्र में शुरू की गई।
आपकी चिट्ठी, पार्सल या स्पीड पोस्ट अब छोटे-छोटे केंद्रों से होकर नहीं गुजरेगी, बल्कि प्रधान डाकघर से सीधे आपके घर तक पहुंचाई जाएगी। डाक विभाग ने परंपरागत डिलीवरी व्यवस्था में बदलाव करते हुए तय किया है कि अब अधिकांश पार्सल और पत्र प्रधान डाकघर से ही सीधा उपभोक्ताओं तक भेजे जाएंगे। इससे बीच की अनावश्यक प्रक्रियाएं खत्म होंगी और डिलीवरी का समय भी घटेगा। प्रवर डाक अधीक्षक विजेंद्र ने बताया कि इसमें स्टाफ को बाइक का प्रति किलोमीटर के हिसाब से माइलेज दिया जाएगा।
सीनियर पोस्ट मास्टर युवराज सिंह ने बताया कि शहरों को 59 बीटों में बांटा गया है। इससे सभी ग्राहकों को डाक प्रधान डाकघर से ही भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्राहक डाक बुक किसी भी पोस्ट ऑफिस से कर सकते हैं, लेकिन उनकी दूसरे शहरों से आने वाली डाक प्रधान डाकघर में ही पहुंचेगी यहीं से संबंधित ग्राहक के घर भेजी जाएगी।