वृंदावन। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित नगर के एकमात्र श्रीरंग लक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में अब 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति मिलेगी। नवीन शिक्षा सत्र से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि पहले से अधिक दी जाएगी।
रंग मंदिर के समीप स्थित श्रीरंग लक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में शास्त्री एवं आचार्य के विद्यार्थियों को पहले से अधिक छात्रवृत्ति मिलेगी। महाविद्यालय में पिछले शिक्षा सत्र तक 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ही छात्रवृति दी जाती थी। इसके अलावा शास्त्री के मेधावी विद्यार्थियों को पूर्व में आठ हजार रुपये एवं आचार्य के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति मिलती थी, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर शास्त्री के छात्रों को 12 हजार रुपये और आचार्य के विद्यार्थियों को 15 हजार रुपये वार्षिक कर दी गई है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिलानंद ने बताया कि शासन ने इसी सत्र से छात्रवृत्ति राशि बढ़ा दी है। इसके अलावा शिक्षा प्राप्त करने वाले अधिक से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके, इसके लिए अब 70 की बजाय 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी छात्रवृत्ति ले सकेंगे।