मथुरा। शहर में खाली पड़े प्लॉट में लगा कूड़े का ढेर और खड़ी झाड़ियां।
- फोटो : mathura
मथुरा। नगर निगम ने स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अब खाली पड़े प्लॉटों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। किसी प्लॉट में कूड़ा, गंदगी अथवा जलभराव पाया गया तो संबंधित प्लॉट मालिक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर आयुक्त जगप्रवेश ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में लगभग एक लाख से अधिक खाली प्लॉट हैं। इनमें वर्षों से कोई निर्माण नहीं हुआ है। इन स्थानों पर गंदगी जमा होने से न केवल प्रदूषण फैलता है, बल्कि संचारी रोग, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। ऐसे लोगों पर अब पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यदि किसी प्लॉट मालिक द्वारा भुगतान नहीं किया जाएगा तो जुर्माने की राशि उसकी प्रॉपर्टी आईडी में जोड़ दी जाएगी। जब तक यह धनराशि जमा नहीं की जाती है तब तक नो ड्यूज सर्टिफिकेट निगम द्वारा जारी नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं, बकाया राशि पर डेढ़ फीसदी ब्याज भी लगाया जाएगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि सभी स्वास्थ्य विभाग की टीमों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में खाली पड़े प्लॉटों की नियमित निगरारी करें। किसी भी तरह की गंदगी, कूड़ा या जलभराव मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर संबंधित मालिक पर जुर्माना लगाया जाए।