अब गंगा और यमुना का इतिहास लेकर भाजपाई घर-घर जाएंगे। धार्मिक लिहाज से इनकी महत्ता का बखान किया जाएगा। बाकायदा नृत्य नाटिका तैयार कराई जानी हैं, इसकी जिम्मेदारी जल संसाधन मंत्री उमाभारती ने मथुरा की सांसद हेमामालिनी को सौंपी है। इन नाटिकाओं का प्रसारण प्रदेश भर में कराया जाएगा।
गंगा की सफाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। इसके लिए बाकायदा मंत्रालय का गठन किया गया है। नमामि गंगे परियोजना शुरू की गई है। इसकी शुरुआत सात जुलाई को हरिद्वार से की गई थी। अब दूसरा फेज मथुरा से शुरू हुआ है, इसमें यमुना को भी सफाई के लिए शामिल किया गया है। जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री उमाभारती ने कहा कि यमुना गंगा की बड़ी बहन हैं। श्रीकृष्ण की पटरानी हैं। यमराज की बहन हैं। लिहाजा यमुना की सफाई हुए बगैर नमामि गंगे प्रोजेक्ट पूरा नहीं हो सकता है।
उन्होंने लोगों से भी कहा कि वह दोनों के इतिहास से लोगों को अवगत कराएं ताकि गंगा और यमुना में गंदगी करने वालों के बीच धार्मिक लिहाज से थोड़ा डर पैदा हो। उन्होंने सांसद हेमामालिनी से कहा कि वह गंगा और यमुना पर नृत्य नाटिकाएं तैयार करें। इन्हें प्रदेश और देश भर में दिखाया जाएगा। सांसद हेमामालिनी ने मंच से इस पर अपनी सहमति भी व्यक्त कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी कहा कि हमें नदियों को साफ रखने के लिए लोगों को उनके इतिहास के बारे में बताना होगा।
इसके लिए जागरूकता लाने की जरूरत है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा गंगा और यमुना को लेकर घर-घर जाएगी। दोनों नदियों को साफ करने के लिए केंद्र सरकार क्या कर रही है, इससे अवगत कराया जाएगा। कहां कितने घाट बनेंगे लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
दिल्ली सबसे ज्यादा दूषित करती है यमुना को
जल संसाधन मंत्री उमाभारती ने कहा कि यमुना को सबसे ज्यादा दूषित दिल्ली कर रही है। वहां का सारा कूड़ा कचरा यमुना में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में यमुना को साफ करने के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल से बात हुई है। वहां भी कुछ प्रोजेक्ट शुरू किए जाने हैं।