मथुरा। विधानसभा चुनावों को लेकर मंडी कारोबारियों में खलबली है। यहां मंडी प्रशासन ने स्ट्रांग रूम बनाने तथा मतगणना के लिए 160 कारोबारियों को नोटिस देकर दुकानें और पांच नीलामी चबूतरों को खाली करने के आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुपालन में मंडी निरीक्षकों की टीम लगाई गई है।
चुनाव आयोग की ओर से विधानसभा चुनावों की घोषणा के साथ प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुट गए है। इलेक्ट्रिक वोटिंग मशीन वितरण, रखे जाने के लिए स्ट्रांग रूम और मतगणना के लिए हाईवे स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर पूर्व निर्धारित स्थल है। यहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लोक निर्माण विभाग की टीम निरीक्षण कर चुकी है।
पीडब्ल्यूडी की टीम ने दुकानों में स्ट्रांग रूम बनाए जाने के स्थान की पैमाइश करने के बाद जो रिपोर्ट सौंपी है उसके बाद मंडी सचिव राजेंद्र सिंह ने लगभग 160 कारोबारियों को नोटिस जारी कर दिए है। जिन व्यापारियों को दुकान और नीलामी चबूतरा खाली करने को कहा गया है उनमें ए श्रेणी की 1 से 15 तथा 41 से 45 नंबर तक की दुकानें, बी श्रेणी की 11 से 22 और 42 से 51 तक (कुल 41 दुकान स्वामी), पांच नीलामी चबूतरों पर काबिज करीब 118 दुकानें, पांच कृषक गोदामों पर काबिज कारोबारियों को तत्काल स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए है।
मंडी सचिव राजेंद्र सिंह ने बताया कि चुनावी कार्यों के लिए जिन व्यापारियों का स्थल चयन किया गया है, उन सभी व्यापारियों से दुकान और नीलामी चबूतरों को खाली करने के लिए कहा जा रहा है इस कार्य में सेक्टर प्रभारियों की टीम को लगाया गया है।
अभी और बढ़ सकती है दुकानों की संख्या
अभी तक प्रशासन ने प्राइमरी तौर पर उन स्थानों को खाली कराने के लिए कहा है, जहां स्ट्रांग रूम बनाए जाने के लिए कुछ कार्य होने हैं। कोरोना काल में अतिरिक्त व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन खाली कराए जाने वाली दुकानों की संख्या और नीलामी चबूतरों को बढ़ा सकता है। इसके लिए जल्द ही प्रशासन की टीम मंडी का निरीक्षण कर सकती है।