पंचायत चुनाव का द्वितीय चरण एक अक्तूबर से शुरू हो रहा है। इसके अंतर्गत मांट तहसील के नौहझील और मांट ब्लाक के लिए नामांकन होंगे। इसमें जिला पंचायत के नामांकन जिला मुख्यालय और क्षेत्र पंचायत के नामांकन ब्लाक मुख्यालय पर होंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के नामांकन हो चुके हैं। द्वितीय चरण की नामांकन प्रक्रिया एक अक्तूबर से शुरू होकर तीन अक्तूबर तक चलेगी। इसमें जिला पंचायत के 1-7 वार्ड तक के लिए नामांकन किया जा सकेगा। इसकी नामांकन प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर एडीएम वित्त एवं राजस्व कोर्ट में अपनाई जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
मांट ब्लाक
द्वितीय चरण के अंतर्गत मांट ब्लाक में 43 ग्राम पंचायत और आठ न्याय पंचायत हैं। कुल मतदाता 1,27,567 हैं। यहां 81 मतदान केन्द्र और 185 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इसमें 18 संवेदनशील और 5 अति संवेदनशील केन्द्र हैं। ये सभी अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गए हैं।
नौहझील ब्लाक
नौहझील ब्लाक में कुल 13 न्याय पंचायत और 67 ग्राम पंचायत हैं। द्वितीय चरण में चुनाव के लिए इस ब्लाक में 94 मतदान केन्द्र और 233 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इसमें 18 सेक्टर, तीन जोनल सेक्टर बनाए गए हैं। इसमें भी 11 संवेदनशील, 39 अति संवेदनशील, 9 अति संवेदनशील प्लस मतदान केन्द्र शामिल हैं।