गोपीनाथ बाजार स्थित उप डाकघर में तकनीकी समस्याओं के चलते बीते चार माह से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारी समस्याओं का समाधान करने के लिए जागरूक दिखाई नहीं दे रहे हैं।
नगर के गोपीनाथ बाजार स्थित उप डाकघर में बीते दिसंबर महीने से कंप्यूटर खराब होने से लेनदेन अटके हुए थे। पिछले माह नया कंप्यूटर आया तो कनेक्टिविटी की समस्या खड़ी हो गई। 20-30000 के भुगतान के लिए भी उपभोक्ता मथुरा स्थित मुख्य डाकघर पर निर्भर हैं।
वर्तमान में मुख्य डाकघर के अधिकारियों ने भुगतान के लिए चेकबुक उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए उपभोक्ताओं के भुगतान बचत खाता से करने के आदेश दिए हैं। अधिकांश उपभोक्ताओं के पास डाकघर बचत खाता नहीं है।
ऐसे में डाकघर बचत योजनाओं में निवेश करने वाले उपभोक्ता भी भुगतान प्राप्त करने के लिए डाकघर के चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे हैं। क्षेत्रीय सभासद जितेंद्र वार्ष्णेय रोनू ने बताया कि कई बार क्षेत्रीय डाकघर में व्याप्त समस्याओं के बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अगवत कराया लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई है।
इस संबंध में वृंदावन डाकघर अधीक्षक त्रिलोकी कुमार का कहना था कि कनेक्टिविटी की समस्या के बारे में कई बार लिखित रूप से बीएसएनएल अधिकारियों को बता चुके हैं। वहीं विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए पोस्ट मास्टर जनरल आगरा और अपर डाक अधीक्षक मथुरा से मांग कर चुके हैं। उन्होंने जल्द ही निस्तारण का आश्वासन दिया है।