मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र में सोमवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सिम्स हॉस्पिटल के पास प्लाईवुड कारोबारी के कर्मचारियों से 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी करने वाले बाइक सवार बदमाशों का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। बदमाशों ने कार से डीजल गिरने की बात कहकर उसे रुकवाया और कर्मचारियों को बातों में उलझाकर नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।
प्लाईवुड कारोबारी के कर्मचारियों को 25 लाख रुपये की नकदी लेकर रिश्तेदार के यहां जाना था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सिम्स हॉस्पिटल के पास पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने कार से डीजल गिरने की बात कहकर उन्हें रोक लिया। चालक और कर्मचारी कार से उतरकर बोनट की तरफ देखने लगे। इसी बीच टप्पेबाजों ने कार में रखा नकदी से भरा बैग उठाया और बाइक से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने शुरू की। पुलिस टीमों ने अलग-अलग मार्गों और संभावित भागने के रास्तों पर 200 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। इस दौरान 10 लोग संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन घटना में उनकी भूमिका नहीं मिलने पर पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से कुछ महत्वपूर्ण सुराग जरूर मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर पुलिस की एक-एक टीम भरतपुर और हरियाणा के लिए रवाना की गई है। पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद बदमाश इन क्षेत्रों की ओर भागे हो सकते हैं। एसपी सिटी राजीव सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही हैं। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।