मथुरा। आंधी आई और न ही बारिश हुई, इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। औरंगाबाद विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब एक दर्जन कॉलोनियों के लोग लंबे समय तक अंधेरे और गर्मी से जूझते रहे।
मंगलवार की शाम बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में पंखे, कूलर और एसी बंद हो गए। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ी। कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई, बिजली न होने से मोटर नहीं चल सकीं। लोगों का कहना है कि इन दिनों बिना किसी स्पष्ट कारण के बिजली कटौती की जा रही है। निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि औरंगाबाद सब स्टेशन से पोषित 11 केवी पुष्पांजलि फीडर की कृष्ण विहार कॉलोनी में विद्युत तार टूटने के कारण कुछ देर के लिए आपूर्ति बाधित रही थी।