मथुरा। जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के वैगन में लगी आग से हुए नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया है। साथ ही व्यापारी ने नुकसान की क्षतिपूर्ति का दावा भी नहीं किया है। व्यापारी ने शेष माल को गंतव्य तक पहुंचाने की अनुमति दी है। अब रेलवे सुरक्षित बचे माल को दूसरे वैगन में रखकर असम के आजारा में भेजेगा। वहीं दूसरी ओर वैगन में लगी आग की जांच के लिए समिति गठित की गई है।
रविवार को प्लेटफॉर्म संख्या 10 और 11 की कॉमन लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के वैगन में आग लगी थी। वैगन में प्लास्टिक के चम्मच, खिलौने और डिटर्जेंट पाउडर भरा था। घटना के बाद वैगन को काटकर यहीं रोक दिया है। अन्य 41 वैगनों को रवाना कर दिया गया। स्टेशन निदेशक एपी श्रीवास्तव ने बताया कि सामान के मालिक ने किसी प्रकार की क्षतिपूर्ति का दावा नहीं किया है। वैगन बदलकर माल को अगली मालगाड़ी में जोड़ा जाएगा। घटना के बाद बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। जिसमें कोई संदिग्ध तत्व नहीं पाया गया। अब अधिकारी स्तर पर जांच आगे बढ़ेगी।