कोसीकलां। नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) डेढ़ करोड़ रुपये से नगर पालिका क्षेत्र की राजमार्ग किनारे बसी अविकसित काॅलोनियों में 9 सड़कों व नालियों को बनवाएगा। शासन ने विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही यह कार्य शुरू कराया जाएगा।
जनपद की एक मात्र नगर पालिका परिषद कोसीकलां के कुल 25 वार्ड में करीब 1.5 लाख की आबादी रहती है। डूडा ने निकाय में सर्वे कराकर उन मार्गों की सूची तैयार की है जो लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं। इससे पूर्व नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा, प्रमुख सचिव नगर विकास पीगुरू प्रसाद से मुलाकात कर अविकसित काॅलोनियों की 9 सीसी सड़कों और नालियों का निर्माण कराए जाने के लिए प्रस्ताव सौंपा। इसमें बठैन गेट वाल्मीकि बस्ती की सभी सड़क सीसी बनाए जाने की योजना है।
यह मार्ग बनेंगे सीसी व नालियां
- वार्ड संख्या 5 एवं 13 में नंदगांव रोड स्थित गडरिया काॅलोनी, वार्ड संख्या 3 बठैनगेट बाल्मीकि बस्ती की सभी गलियां, वार्ड संख्या 5 राधाबिहार कॉलोनी, वार्ड संख्या 5 में 30 फुटा रोड पर दो जगह, वार्ड संख्या 2 बैंक कॉलोनी, कृष्णाधाम कॉलोनी, वार्ड संख्या 9 बठैन रोड आदि में सड़क व नाली का निर्माण कराया जाएगा।