मथुरा। सुबह-शाम हुई गुलाबी सर्दी में जरा सी लापरवाही लोगों को बीमार कर रही है। जिला अस्पताल में जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश से परेशान रोजाना 200 के ज्यादा लोग उपचार के लिए आ रहे हैं। चिकित्सक उन्हें दवा के साथ सर्दी से बचने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नीरज कुमार अग्रवाल ने बताया कि सुबह-शाम मौसम सर्द हो गया है। दोपहिया वाहन पर लोग बिना गर्म कपड़े के ही घर से निकल जाते हैं। रात को भी गर्म कपड़े पहनने से परहेज कर रहे हैं। इसी लापरवाही के कारण लोगों को जुकाम, खांसी, गले में खराश और बुखार की समस्या हो रही है। जिला अस्पताल में रोजाना 12 सौ से 14 सौ नए और पुराने मरीजों की ओपीडी होती है। इसमें से 200 से ज्यादा लोग बदले मौसम के कारण बीमार होने वाले होते हैं। उन्होंने बताया कि दवा के साथ लोगों को सावधानी भी बरतनी होगी। खासतौर से सुबह दोपहिया वाहन पर घर से निकलने वाले और रात को देर से घर लौटने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
यदि गले में खराश, जुकाम, खांसी की समस्या हो जाए तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। स्वयं चिकित्सक बनकर दवा न लें। गर्म पानी का सेवन करें, दवा समय से लें, पानी की भाप लें और सर्द मौसम में हल्के गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें।