फोटो भव्य रूप से सजाया गया नन्द किला नंद भवन
महावन (मथुरा)। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद शनिवार को आज गोकुल में नंदोत्सव मनाया जाएगा। नंदोत्सव को लेकर गोकुल की कुंज गलियों में उत्साह का माहौल है। इस दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु नंद बाबा के घर पहुंचकर बालकृष्ण के जन्म की बधाई देंगे। नंदोत्सव के दौरान गोकुल की गलियां नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठेंगी।
नंदोत्सव के लिए मंदिर और नंदभवन को फूल-पत्तियों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और विद्युत झालरों से सजाया गया है। सुबह 10 बजे नंद किला-नंद भवन से बालकृष्ण का डोला निकाला जाएगा। यह कुंज गलियों से होकर नंद चौक स्थित राज चबूतरा पहुंचेगा। रास्ते भर श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते चलेंगे। राज चबूतरा पर नंदोत्सव का मुख्य आयोजन होगा। यहां भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं को वस्त्र, खिलौने, मिठाई तथा अन्य उपहार लुटाए जाएंगे। शाम को कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर के सेवायत कुंदन लाल शर्मा ने बताया कि श्रीकृष्ण गोकुल में 11 वर्ष 52 दिन रहे। कंस के भय से वासुदेव श्रीकृष्ण को रात्रि में गोकुल लेकर आए और नंदबाबा के घर माता यशोदा के पास सुलाकर चले गए। गोकुल में बालकृष्ण ने माखन चोरी, मिट्टी खाना, गोपियों की मटकी फोड़ना, यमलार्जुन उद्धार तथा रमणरेती में रासलीला सहित अनेक लीलाएं की हैं।
फोटो भव्य रूप से सजाया गया नन्द किला नंद भवन