फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: रंगों में डूबा नंदभवन

विज्ञापन
अधिक मास में नंदबाबा मंदिर में रंगीली होली खेलते सेवायत । 
विज्ञापन
नंदगांव/मथुरा। पुरुषोत्तम मास में सोमवार देरशाम नंदगांव स्थित नंदबाबा मंदिर में जब ठाकुर श्रीकृष्ण-बलराम ने स्वर्ण पिचकारी से रंग बरसाए तो ऐसा लगा मानो समय पीछे लौट गया हो और पूरा नंदभवन द्वापर युग की रंगीली होली में डूब उठा हो।
विज्ञापन


होली महोत्सव में श्रद्धालुओं के सामने ब्रज की वही अलौकिक छवि जीवंत हो उठी, जहां बरसाने की सखियां नंदगांव फगुवा मांगने आती हैं और कान्हा संग रंग-रस की छेड़छाड़ होती है। मंदिर प्रांगण में गूंज रहे होली के रसिया, बरसाने की ब्रज सुंदरी, जसुमति गृह फगुवा मांगन आई ने वातावरण को फागुन के उल्लास से भर दिया।

संध्या बेला में ठाकुर श्रीकृष्ण-बलराम बंगले में विराजमान हुए। धवल पोशाक में सजे दोनों भैयाओं ने केसर, गुलाब और केवड़ा जल से बने सुगंधित रंगों की फुहार भक्तों पर बरसाई। जैसे ही रंगों की बौछार शुरू हुई बरसाना के लोग नंद के जमाई की जय वहीं नंदगांव के लोग वृषभानु के जमाई की जय के जयघोष करने लगे।
विज्ञापन


मंदिर प्रांगण में नंदगांव और बरसाना के गोस्वामी जनों ने ढफ, मृदंग और झांझ की थाप पर करीब डेढ़ घंटे तक समाज गायन किया। इस दौरान ग्वाल-बालों ने टेसू के फूलों से बने प्राकृतिक रंगों को पिचकारियों और बाल्टियों से भक्तों पर उड़ेला। महोत्सव के समापन पर ठाकुरजी की विशेष आरती की और नजर उतारी गई। उत्सव में विजन गोस्वामी, गौरव गोस्वामी, रमेश चंद्र गोस्वामी, हुकम गोस्वामी, मथुरेश गोस्वामी, लोकेश गोस्वामी, अमित कुमार, मुकेश गोस्वामी, यज्ञ पुरुष गोस्वामी, सुशील गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें