विश्व विख्यात नंदबाबा मंदिर में शनिवार को नंदबाबा का 5327वां जन्मोत्सव तीसरी बार धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान नंदभवन में नंदगांव-बरसाना के गोस्वामीजनों ने संयुक्त समाज गायन किया।
सात जनवरी 2014 को ब्रज के संत कन्हैया बाबा ने नंदगांव के गोस्वामीजनों को नंदबाबा के जन्म दिन के बारे में अवगत कराया था।
उन्होंने बताया कि गुजराती पंचांग की मान्यता के अनुसार पौष सुदी सप्तमी को नंदबाबा का और लगत फागुन छठ को यशोदा मैया का जन्म हुआ। कन्हैया बाबा के अनुरोध पर उस वर्ष नंदभवन में नंदबाबा का जन्मोत्सव मनाया गया।
शनिवार को जगत के पालनहार को पालने वाले नंदबाबा का जन्मदिन पर नंदभवन के जगमोहन में संयुक्त समाज गायन किया गया, मंगल बधाई गाई गईं। भजन गायक बनबारी लाल और मनमोहन ने भजन प्रस्तुत किए।
आज नंदराय के आनंद मंगल भीर, पुण्य फल्यों श्री परजन्य कौ बढ़ी माई कुल की बेल आदि पदों का गायन किया गया। इस अवसर पर छैलबिहारी गोस्वामी, विजन, रमेश, गुड्डी गोस्वामी, हुकम गोस्वामी, कवि रामशरण शर्मा, दानबिहारी गोस्वामी, नंदा गोस्वामी, बालमुकुंद गोस्वामी, मुकेश गोस्वामी, सुशील गोस्वामी, दिनेश आदि मौजूद रहे।