रक्षाबंधन का त्योहार आज मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन पर शनिदेव की बहन भद्रा का साया नहीं पडे़गा। बहन भाइयों को दिनभर राखी बंाध सकती हैं। प्रमोद शास्त्री के अनुसार इस बार सिंहासन-गौरी योग के बनने से त्योहार का महत्व बढ़ रहा है।
पंचांग के अनुसार इस बार श्रावण शुक्ल पूर्णिमा के दिन रक्षाबंधन का त्योहार भद्रा मुक्त रहेगा क्योंकि भद्रा काल सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगा। लोग सुबह से शाम तक तक रक्षासूत्र बांध सकते हैं। तीन वर्ष पहले भी इस तरह के योग बने थे। 18 अगस्त को सुबह 5:55 बजे से दोपहर 02:56 बजे तक राखी बांधने का शुभ मुहूर्त है।
बहनों ने हाथों में रचाई मेहंदी
रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर बुधवार को बहनों ने अपने हाथों में आकर्षक मेहंदी सजाई। कस्बा बलदेव निवासी रोशनी, मोहिनी गोस्वामी, सपना, हेमलता, रेनू मिश्रा आदि ने मेंहदी लगवाई। बाजारों में खरीदारी के लिए भी भीड़ रही। महिलाएं और युवतियां तरह-तरह की राखी खरीदती दिखीं। मिष्ठान विक्रेताओं के घेवर-फैनी की जमकर बिक्री हुई। कपड़े, शृंगार सामग्री, रेडीमेड वस्त्रों की दुकानों पर भीड़ थी।
हजारा आरती आज
रक्षाबंधन पर्व पर दाऊजी महाराज के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। शाम को हिंडोला दर्शनों की झांकी देखने भीड़ उमड़ेगी। मंदिर में हजारा आरती का विशेष आयोजन होगा।
बेसहारा बच्चों की कलाई पर सजाई राखी
अग्रवाल क्लब परिवार ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर राजकीय शिशु गृह में बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया। सभी बच्चों को नए वस्त्र, चाकलेट, बिस्किट, चिप्स आदि दिए। क्लब की महिला सदस्यों ने बच्चों के हाथों में राखियां बांधी।
संस्थापक अजयकान्त गर्ग ने संस्था के इस प्रयास को अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर अध्यक्ष विभोर तायल, सचिव धीरज गोयल, विकास अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, गोल्डी, नीता अग्रवाल, मोहन अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
वृक्षों को राखी बांध लिया संरक्षण का संकल्प
संस्कार पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पौधों और वृक्षों को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। राखी बांधने के बाद बच्चों ने पर्यावरण शुद्ध रखने और पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। विद्यालय के चेयरमैन आरपी सिंघल और डायरेक्टर अंकिता सिंघल ने बच्चों को वृक्षों के महत्व से परिचित कराया। विद्यालय प्रांगण में बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए। इस दौरान मिथुन शर्मा, विश्वदीप पचौरी, मुकेश, राजकुमार, जितेंद्र, शिल्पी गोयल आदि उपस्थित रहे।
सरस्वती विद्या मंदिर में रक्षाबंधन का कार्यक्रम मनाया गया। शुभारंभ अजय अग्रवाल ने मां शारदे के समक्ष दीप जलाकर और पुष्प अर्पित करके किया। रघुवर दयाल अग्रवाल ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्कूल की बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी तथा टीका लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना की।
भाईयों ने बहनों को मिठाई खिलाते हुए उनकी रक्षा का आश्वासन दिया। छात्राओं ने रंगोली सजाई। कार्यक्रम में ऊषा शर्मा, पिंकी गर्ग, सुंदर सिंह, हेमलता, खेमचंद आदि मौजूद थे। एसपीएस इंटरनेशनल एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने दीप जलाकर किया।
किडजी प्ले स्कूल में राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। शुभारंभ निदेशक कल्यान सिंह ने किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक दूसरे को राखियां बांधी। एमडी जैन पूर्व माध्यमिक विद्यालय में राखी और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राखी में प्रिया, स्नेहा, पायल और मेंहदी में श्रद्धा, जाह्नवी, वंदना विजयी रहीं। निर्णायक मुन्नी चौहान, नीना गुप्ता, रजनी वर्मा, नरेन्द्र शर्मा रहे।