फोटो-72 फरह के मोहल्ला सरायशाही में मृतक युवकों के घर लगी महिलाओं की भीड़।
- फोटो : MATHURA
सौंख (मथुरा)। एक हजार रुपये के लिए युवक ने साथी के संग किसान की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव सरसों के खेत में फेंक दिया। किसान रविवार को अपने उधार के रुपये मांगने के लिए गया था। गुमशुदगी को हत्या में तरमीम करके मगोर्रा पुलिस ने एक हत्यारोपी पकड़ भी लिया। फिलहाल दूसरे की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
थाना मगोर्रा के नगला सहजुआ थोक निवासी प्रहलाद सिंह (55) पुत्र ज्ञान सिंह पेशे से किसान था। कुछ दिन पूर्व सौंख के राहुल को एक हजार रुपये उधार दिए थे। रविवार को शाम छह बजे किसान अपने उधार के रुपये लेने के लिए राहुल के घर पहुंचा। यहां पर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद गमछे से गला घोंटकर किसान की हत्या करने के बाद राहुल ने साथी के संग शव को सौंख से 500 मीटर दूर महावीर के सरसों के खेत में फेंक दिया। घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। तलाश करने के बाद सुराग नहीं लगा।
सोमवार को सरसों के खेत में गुमशुदा का शव मिलने की सूचना पर मगोर्रा पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लिया। हत्यारोपियों ने किसान के चेहरे पर भी वार किए हैं। चोट के निशान साफ प्रतीत हो रहे थे। सीओ गोवर्धन जितेंद्र कुमार ने बताया कि गमछे से गला घोंटकर किसान की हत्या की गई है। मृतक के बेटे अनिल की तहरीर पर राहुल और चंद्रशेखर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है।