मथुरा । हाईवे किनारे बाजना पुल के निकट मंगलवार को दो शव मिले। दोनों युवकों की शिनाख्त फिरोजाबाद और बाजना निवासी युवकों के रूप में हुई। बाजना निवासी युवक 24 घंटे से लापता था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। फिरोजाबाद के युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाईवे पर बाजना पुल स्थित रेलवे ट्रैक और कुछ दूर झाड़ियों के पास मिले शवों को देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों की शिनाख्त कराने की कोशिश की। इस पर बाजना पुल से कुछ दूरी पर मिले शव की शिनाख्त राकेश (30) पुत्र सोरन निवासी बाजना, हाईवे के रूप में हुई। राकेश के सिर के एक हिस्से में चोट के निशान थे। सूचना पर राकेश के परिजन मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस पर राकेश के ताऊ श्रीचंद्र ने बताया कि राकेश एक टौंटी फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से फैक्ट्री के लिए निकला था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने राकेश की हत्या किए जाने की आशंका जताई। वहीं बाजना पुल स्थित रेलवे ट्रैक पर मिले शव की शिनाख्त हेमंत यादव (21) पुत्र नाथू राम यादव निवासी गढ़ी धरमी टूंडला फिरोजाबाद के रूप में हुई। युवक का शव ट्रेन की पटरियों के बीच पड़ा मिला । हाईवे थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।