कोसीकलां। डिप्टी कलेक्टर अखिलेश कुमार ने शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर, आश्रय सदन व अस्थाई गोशाला की सफाई अव्यवस्था पर असंतोष जाहिर किया। पालीथिन में कचरा भरकर गोशाला में फेंकने वालों को नोटिस जारी करने को कहा। दो दिन में व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश पालिका कर्मियों को दिए।
डिप्टी कलेक्टर अखिलेश कुमार ने अधिशासी अधिकारी का कार्यभार ग्रहण करने के बाद कार्यालय का निरीक्षण किया। लेखाकार योगेंद्र रावत, टैक्स कलेक्टर साकिर हुसैन, राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार सैन, जेई निर्माण बिजेंद्र कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक राजीव कुमार आदि से परिचय किया। स्वास्थ्य निरीक्षक राजीव यादव को सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। आश्रय सदन में अव्यवस्था देखकर नाखुश दिखे। गांधी चिकित्सालय परिसर एवं गोशाला में गंदगी और अव्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को सफाई एवं चारा की व्यवस्था करने को कहा है। गोशाला में मकानों के पीछे गंदगी और पॉलीथिनों का ढेर देखकर डिप्टी कलेक्टर ने कारण पूछा तो पता चला कि यहां बने मकानों में रह रहे लोगों द्वारा गंदगी फेंकी जा रही है। उन्होंने वीडियोग्राफी कराकर सभी को नोटिस जारी करने के लिए निर्देश दिए। गंदगी मिलने पर भवन स्वामियों पर जुर्माना लगाने के लिए कहा है। कहा कि पहले पालिका परिसर साफ स्वच्छ होना चाहिए, फिर नगर को बेहतर करने के लिए व्यवस्थाओं को देखा जाएगा।