मथुरा। सीएम योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना पर नगर निगम ने महोली रोड, डैंपियर नगर, डीगगेट समेत अन्य मार्गों पर सफाई कराई और अतिक्रमण को हटवाया। राया कट पर सफाई के साथ-साथ सौंदर्यीकरण कार्य भी किया गया। करीब 200 कर्मचारी दिनभर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे।
सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने सीएम के गुजरने वाले संभावित मार्गों की सफाई कराई। साथ ही महोली रोड, डैंपियर नगर में मछली फाटक से पांचजन्य प्रेक्षागृह, एसबीआई से बीएसए कॉलेज तक, भूतेश्वर से डीगगेट, डीगगेट से मसानी होते हुए बिरला मंदिर तक अतिक्रमण की कार्रवाई की गई। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे नाली के बाहर अपना सामान न रखें, अन्यथा जुर्माना वसूला जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही सफाई कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया।
नाली सफाई के साथ-साथ सड़कों के किनारे जमा कूड़े के ढेरों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। साथ ही पेड़ों की छंटाई भी कराई गई। इसके अलावा अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट पर सफाई के साथ-साथ सौंदर्यीकरण का कार्य कराया। यहां डिवाइडरों की पेंटिंग, पेड़ों की छंटाई और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया गया। नगर निगम ने इस विशेष अभियान के लिए करीब 200 सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई। स्वास्थ्य विभाग और निर्माण विभाग के अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर कार्यों की मॉनिटरिंग करते रहे।