मथुरा। अक्षय तृतीया पर्व पर नगर निगम ने बांकेबिहारी मंदिर और परिक्रमा मार्ग में सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं।
नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने बताया कि मथुरा-वृंदावन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि बांकेबिहारी मंदिर और वृंदावन परिक्रमा मार्ग में सुदृढ़ सफाई का कार्य कराया गया है। क्षेत्र में अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती करते हुए सफाई कराई गई। पेयजल के लिए पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है।
बांकेबिहारी मंदिर को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेटिंग बिछाई। सभी व्यवस्थाओं का उन्होंने पैदल भ्रमण कर निरीक्षण भी किया। अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, महाप्रबंधक जल मो. अनवर ख्वाजा, स्वास्थ्य अधिकारी गोपाल गर्ग नगर, अधिशासी अभियंता जल राम कैलाश, सफाई निरीक्षक सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे।