वृंदावन। नगर निगम ने जर्जर भवन स्वामियों को नोटिस देने के बाद गिरांसू भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरु कर दी है। निगम की टीम ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र एवं किशोरपुरा क्षेत्र में दो मकानों के गिरांसू छज्जा और दीवार को हटवाया। इसके अलावा सर्वे कर नोटिस के बाद भी सुधार कार्य न किए जाने वाले भवनों की ध्वस्तीकरण की तैयारी की जा रही है।
9 जून को श्रीबांकेबिहारी मंदिर की गली नंबर पांच स्थित सुधीर गोस्वामी के मकान का छज्जा अचानक गिरने से आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। इस घटना के बाद जागे नगर निगम ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आसपास की गलियों और नगर के कई क्षेत्र में 74 नोटिस जारी किए हैं, जिसमें जर्जर भवनों में रह रहे लोगों को गिरासू हिस्से को हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया था। इसके बावजूद अधिकांश लोगों द्वारा निगम के नोटिस की अनदेखी करते हुए मकान के जर्जर और गिरासू हिस्से को नहीं हटाया।
शनिवार को अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम ने किशोरपुरा कुम्हार पाडा स्थित जुगलकिशोर के मकान कि गिरांसू छज्जे को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान गली में लोगों का आवागमन बंद कर दिया गया। छज्जे तोड़ने की कार्रवाई के बाद टीम श्रीबांकेबिहारी मंदिर की गली नंबर पांच में स्थित मनीष गोस्वामी के मकान पर पहुंची। टीम की मौजूदगी में गोस्वामी द्वारा पुरानी जर्जर दीवार को हटाया गया।
अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने बताया कि निगम ने जिन जर्जर भवनों में रह रहे लोगों को नोटिस दिए थे। उन भवनों कि गिरांसू हिस्से को हटवाया है। इसी प्रकार श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आसपास और नगर के कई क्षेत्रों में चिह्नित जर्जर भवनों के गिरासूं हिस्से को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रात के समय में की जाएगी।