वृंदावन। नगर आयुक्त जगप्रवेश ने हजारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कालेज के परिसर में झाड़ू लगाकर विशेष स्वच्छता एवं जागरुकता अभियान की शुरुआत करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। यहां उन्होंने दुकानदारों को कूड़ेदान वितरित किए। सार्वजनिक शौचालय का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही फीडबैक रजिस्टर को देखा।
सोमवार सुबह नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक एवं निगम के सभी अधीनस्थों के साथ चुंगी चौराहा पर पहुंचे। यहां उन्होंने हज़ारीमल सोमानी इंटर कॉलेज परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्र में पार्षद शशांक शर्मा एवं सुमित गौतम के साथ स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। कालेज के सामने सुलभ शौचालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय की साफ-सफाई व्यवस्था, रखरखाव, उपलब्ध सुविधाओं एवं फीडबैक रजिस्टर का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने दुकानदारों को कूड़ेदान भी वितरित किए।
नगर निगम के विभिन्न सेक्टरों में नामित प्रभारी एवं सह-प्रभारी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की शुरुआत करते हुए व्यापारिक संगठनों, स्थानीय लोगों, सामाजिक संस्थाओं के साथ बैठक आयोजित की। अभियान के अंतर्गत कई सेक्टरों में स्वच्छता जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया, जबकि विभिन्न बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने एवं प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया।
70 वार्डों को दस सेक्टरों में किया विभाजित :
नगर निगम ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए क्षेत्र के 70 वार्डों को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में सात वार्ड शामिल किए गए हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रत्येक सेक्टर में स्वच्छता संबंधी समस्याओं, शिकायतों, अतिक्रमण, जलभराव, अवैध होर्डिंग, पोस्टर एवं बैनर एवं स्थानीय समस्याओं का चिन्हांकन किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित समयसीमा में चिन्हित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।