मथुरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। जनपद के चार में से एक केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो गया तो दो में चंद उत्तरपुस्तिकाएं का मूल्यांकन बाकी है। अब सिर्फ चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज के मूल्यांकन को पूरा कराने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
इस बार जनपद को 5.09 लाख उत्तर पुस्तिकाएं मिली थीं। मथुरा जनपद लॉकडाउन-3 और 4 के दौरान रेड जोन में होने के कारण यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन देरी से शुरू हुआ है। बोर्ड ने जनपद को करीब 5.09 लाख उत्तरपुस्तिकाएं आवंटित की थीं, जिसमें से 4.69 लाख से अधिक का मूल्यांकन हो चुका है। इसमें सबसे अधिक उत्तरपुस्तिकाएं 168974 चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज को आवंटित हुई थीं।
यह केंद्र मूल्यांकन में अब तक सबसे अधिक पिछड़ा हुआ है। राजकीय इंटर कॉलेज को 92062 उत्तरपुस्तिकाएं आवंटित हुई थीं। यहां मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही ब्लैक स्टोन गर्ल्स इंटर कॉलेज को 133191 उत्तरपुस्तिकाएं मिली थीं। यहां भी मूल्यांकन लगभग पूरा हो गया है। किशोरी रमण इंटर कॉलेज को 98655 उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त हुई थीं। यहां भी मूल्यांकन अब खत्म होने जा रहा है। इस स्थिति में चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज में मूल्यांकन को पूरा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यहां परीक्षकों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है, जिससे जनपद की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन खत्म किया जा सके।
गुरुजी को मिली दक्षिणा
इस बार यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गुरुजी को दक्षिणा भी खूब मिली है। विज्ञान वर्ग के शिक्षकों को तो अनेक उत्तरपुस्तिकाओं में पैसे मिले हैं। 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक उत्तरपुस्तिकाओं में पैसे छात्रों ने रखकर भेजे हैं। अनेक शिक्षक तो ऐसे भी रहे हैं, जिन्हें 2 से 3 हजार रुपये तक प्रतिदिन प्राप्त हुए हैं। इस दौरान अनेक उत्तरपुस्तिकाओं में पास कराने के लिए विभिन्न तरीके से आग्रह भी किए गए हैं। किसी ने शादी टूटने का हवाला दिया है तो किसी ने परिवार इज्जत की दोहाई दी है।