मकर संक्रांति के अगले दिन शनिवार को सांसद हेमामालिनी ने राधे के गांव रावल में उनके ही मंदिर की देहरी पर बैठकर गांव की महिलाओं, पुरुष और लड़कियों को वस्त्र बांटे।
राधारानी के मंदिर पर सांसद द्वारा वस्त्र बांटने की जानकारी पर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच गए।
ब्रजभूमि में राधे के गांव रावल को सांसद हेमामालिनी ने आदर्श गांव के रूप में विकसित करने के लिए गोद लिया है। यहां शनिवार को सुलभ इंटरनेशनल की ओर से आयोजित कार्यक्रम के बाद सांसद हेमामालिनी राधारानी के मंदिर की देहरी पर जा बैठीं।
पहले उन्होंने गांव प्रधान कमलेश देवी के साथ गुफ्तगू की फिर उन्हें देखने आई महिलाओं को साड़ियां बांटनी शुरू कर दीं। लड़कियां पहुंची तो उन्हें सूट दिए। पुरुषों को भी कपड़े दिए और बच्चों को खिलौने बांटे।
खबर फैलने के साथ देखते ही देखते मंदिर के बाहर महिलाओं की लंबी कतार लग गई। पर्दे की ओट में आ रही महिलाओं से सांसद ने उनके हालचाल भी पूछे।
इस दौरान सांसद हेमामालिनी के साथ न तो बडे़ नेता थे, न ही अफसर। सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, शिवशंकर वर्मा, राजेश सिंह पिंटू, संजय गोविल, विनोद शर्मा जरूर साथ रहे। इस दौरान उनका हाथ मीरा मित्तल, सुषमा अग्रवाल, लता अग्रवाल, मोहिनी शर्मा, अनीता थापा, संगीता खन्ना ने बंटाया।