श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
सांसद हेमा मालिनी ने बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की सुविधा, स्थानीय व्यापार और पर्यटन के लिए अत्यंत आवश्यक कदम बताया। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे मंदिर विकास की दिशा में बड़ा रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि बांकेबिहारी के दर्शन करने में श्रद्धालुओं के साथ धक्का-मुक्की और हादसे होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन ठाकुरजी के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन वर्तमान अव्यवस्था के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने कहा कि कॉरिडोर बनने से न केवल मंदिर परिसर सुव्यवस्थित होगा बल्कि यहां के व्यापारी, होटल व्यवसायी और स्थानीय नागरिकों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। पर्यटन बढ़ेगा तो रोजगार भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए सांसद ने कहा कि वह एक दूरदर्शी और संवेदनशील मुख्यमंत्री हैं, जो सभी के हितों का ध्यान रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि गोस्वामी समाज को भी कॉरिडोर निर्माण से दीर्घकालिक लाभ होगा और जनता की भी यही भावना है कि कॉरिडोर बने।
हेमा मालिनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस मुद्दे को केवल राजनीतिक लाभ के लिए भुना रहे हैं, जबकि वास्तव में यह विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर का निर्माण स्वयं ठाकुर जी की कृपा से होगा और वह भी इससे प्रसन्न होंगे।
ये भी पढ़ें-
UP: यमुना में डूबकर छह बहनों की गई जान...माैत से पहले बनाई रील, लाशों को देख होश खो बैठे परिजन; हर आंख हुई नम