गोवर्धन के जमुनावता-महमदपुर मार्ग पर बीती रात कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।
मथुरा के थाना गोवर्धन क्षेत्र के जमुनावता-महमदपुर मार्ग पर बीती रात एक चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग जाने से हड़कंप मच गया। कार में आग लगते ही उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अड़ींग चौकी प्रभारी प्रदीप भदौरिया पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। कार में आग तेजी से फैल रही थी। चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस बचाव कार्य से बड़ा हादसा होने से टल गया।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने प्रयास कर कार में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस की सक्रियता और चौकी प्रभारी की सूझबूझ की स्थानीय लोगों ने सराहना की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और कार सवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलने पर अड़ींग चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता से बचाव कार्य करते हुए कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।