मथुरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा आज से जनपद के 119 केंद्रों पर शुरू हो रही हैं। मथुरा जिले में इस वर्ष 70 हजार से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रवींद्र सिंह ने बताया कि इस बार कक्षा 10 के 35,188 और कक्षा 12 के 34181 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं और सभी विद्यालयों को जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। यहां से परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोषागार से केंद्रों तक पहुंचाया गया। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही राज्य स्तरीय परिवेक्षक के साथ 6 सचल दल भी तैनात रहेंगे।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने और प्रवेश पत्र और पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने के आदेश दिए गए हैं। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नकल या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। संवाद