मथुरा। भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में ८० साल या फिर इससे अधिक उम्र वाले बुजुर्गों को घर बैठकर मतदान करने का विकल्प दिया है। इसके लिए जनपद की सभी पांच विधानसभाओं में ३२७९६ बुजुर्ग मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इसमें सबसे अधिक मतदाता मथुरा विधानसभा में चिन्हित हैं।
प्रदेश के विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। मथुरा जनपद को प्रथम चरण में शामिल किए जाने के कारण तैयारियां भी अंतिम दौर में पहुंच रही हैं। इस दौरान कोविड के प्रभाव को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ८० साल और इससे अधिक उम्र वाले मतदाताओं को बगैर मतदेय स्थल पर जाए वोट डालने का अधिकार दिया है। इसके तहत ८० साल या इससे अधिक उम्र के मतदाता घर बैठकर ही इस बार अपना वोट डाल सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के इस फैसले पर अमल करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने ३२७९६ मतदाताओं को चिन्हित किया है। ऐसे मतदाताओं को मतपत्र बीएलओ द्वारा घर पर पहुंचाए जाएंगे। उन्हें एकत्रित करने की जिम्मेदारी भी बीएलओ की ही होगी। इसकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
विधानसभा वार बुजुर्गों की संख्या
छाता -६२७८
मांट -६२७२
गोवर्धन -५६०१
मथुरा -८४११
बलदेव -६२३४
दिव्यांग मतदातों को भी मिलेंगी सहूलियतें
भारत निर्वाचन आयोग ने दिव्यांग मतदाताओं को भी इस बार विशेष सहूलियतें देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत दिव्यांग मतदाताओं के लिए ट्राईसाइकिल की व्यवस्था भी की जानी है। जनपद में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 12९33 है।
विधानसभा वार दिव्यांग मतदाता
छाता -२१७२
मांट -२८३१
गोवर्धन -२७६१
मथुरा -२६०७
बलदेव -२५६२