मथुरा। इसे अधिकारियों की अनदेखी कहें या फिर राजनेताओं की लापरवाही। शहर के वार्ड-54 (मोहली रोड) की 20 हजार से अधिक की आबादी एक माह से पेयजल को तरस रही है। कृष्ण विहार में 2.50 लाख लीटर की पानी टंकी धराशायी होने के बाद इस इलाके में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है।
जल निगम के अधिकारी सीडब्ल्यूआर (कॉमन वाटर रिजर्व) लाइन से पेयजल पहुंचाने का दावा कर रहे हैं। मगर, यहां के लोगों को यह सुविधा नहीं मिल पा रही। टैंकरों के जरिये पानी की सप्लाई होती है। वह भी गर्मी के इस सीजन में ऊंट के मुंह में जीरे के समान है।
वार्ड-54 के पार्षद तेजवीर सिंह के अनुसार प्रताप नगर वेस्ट, ईस्ट शांति नगर, साकेत पुरी, आशापुरी, धर्मलोक, ऋषि नगर, हरी नगर, विजय नगर, सुधामापुरी, पटेल नगर, कांतापुरी, श्याम नगर, मानस नगर, जनकपुरी का आधा हिस्सा आदि इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस समस्या के संबंध में जल निगम और नगर निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। नगर आयुक्त और जीएम जलकल को सोमवार को भी पत्राचार किया गया।
20 हजार की आबादी को पहुंच रहे 7 पानी के टैंकर
पार्षद ने बताया कि 20 हजार से अधिक की आबादी के लिए हर रोज महज 7 पानी के टैंकरों को ही भेजा जा रहा है। गर्मी के सीजन में पानी की अधिक खपत होने के बाबत भी अधिकारियों को बताया गया। इसके बाद भी उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की।
2.50 लाख लीटर की टंकी से इन इलाकों को पहुंचता था गंगाजल
गंगाजल प्रोजेक्ट के तहत बनी 2.50 लाख लीटर की पानी की टंकी से महोली रोड, मानस नगर, बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, आधा हिस्सा कंकाली क्षेत्र का इससे जुड़ा हुआ था। टंकी के धराशायी होने के बाद इन इलाकों में संकट उत्पन्न हो गया है। समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसेरे ने कहा है कि पेयजल संकट को लेकर वह अपनी संस्था के टैंकरों के जरिये पानी पहुंचाएंगे। अगर, कहीं भी पानी की कोई किल्लत आए तो मोबाइल नंबर 8979657515, 8218292964 पर संपर्क कर पेयजल के निशुल्क टैंकर मंगवा सकते हैं।
जनता बोली
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का नतीजा है कि 20 हजार से अधिक की आबादी वाले वार्ड 54 में पानी नहीं पहुंच रहा है। सीडब्ल्यूआर लाइन से पानी पहुंचाने का दावा झूठा है।
- बृजेश गुप्ता, वेस्ट प्रताप नगर
पानी की समस्या का समाधान अधिकारी एक माह से नहीं कर पा रहे हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- पप्पू ठाकुर, प्रताप नगर