फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंदिरों की गुल्लकों में ही 100 करोड़ से ज्यादा

Thu, 10 Nov 2016 12:26 AM IST
पुनीत शर्मा
विज्ञापन
बांकेबिहारी मंदिर
विज्ञापन
भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों की गुल्लकों में ही तकरीबन 100 करोड़ का धन है। मंदिरों की दानपेटिकाओं को जब खोला जाता है तो सबसे ज्यादा 1000 और 500 रुपये के ही नोट निकलते हैं। अब सरकार ने इन नोटों को बंद कर दिया है लिहाजा मंदिर प्रशासन भी समय से पहले गुल्लक खोलने की प्लानिंग कर रहे हैं ताकि 30 दिसंबर से पहले इन नोटों को बैंक में जमा करके एक्सचेंज किया जा सके। 
विज्ञापन


मथुरा को मंदिरों का शहर कहा जाता है। कान्हा की लीलास्थली होने के कारण पूरे मथुरा जिले में हजारों मंदिर हैं। प्रमुख मंदिरों का जिक्र करें तो मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान, श्रीद्वारिकाधीश, वृंदावन के ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, इस्कान मंदिर, राधादामोदर मंदिर, रंगजी मंदिर, सेवाकुंज, निधिवन, शाहजी का मंदिर, गोवर्धन में दानघाटी मंदिर, बरसाना में श्रीजी मंदिर, नंदगांव में नंदबाबा मंदिर और बलदेव में दाऊजी मंदिर के साथ मथुरा, वृंदावन, गोकुल, बरसाना, नंदगांव, राधाकुंड और गोवर्धन में कई मंदिर ऐसे हैं जहां दान करने वालों की फेहरिस्त लंबी है। 

भक्तों द्वारा सबसे ज्यादा दान वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर में किया जाता है। इस मंदिर में 16 गुल्लकें हैं। हर माह गुल्लकों को खोलकर नोटों की गिनती की जाती है। कई दिन नोटों की गिनती होती है। डेढ़ से दो करोड़ रुपये हर माह आते हैं। मंदिर प्रबंधक मुनीष शर्मा का कहना है गुल्लक खोलकर 30 दिसंबर से पहले बड़े नोट बैंकों में जमा कराने के प्रयास किए जाएंगे। वहीं गोवर्धन में श्री गिरिराज दानघाटी मंदिर में भी एक महीने में करीब पचास लाख का दान आता है। 
विज्ञापन


प्रेम मंदिर की गुल्लकें हर सप्ताह खोली जाती हैं। यहां भी दस लाख तक का दान आता है। प्रेम मंदिर के व्यवस्थापक कांता प्रसाद का कहना है कि गुल्लक को इस बार जल्दी खोलकर एक हजार और पांच सौ रुपये के नोट बैंक में जमा करा देंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान की गुल्लकों में ही हर माह करीब तीस लाख रुपये चंदे का आता है। श्रीद्वारिकाधीश मंदिर में भी हर महीने के पहले सप्ताह में गुल्लक खोली जाती है। यहां पांच लाख रुपये तक दान मिलता है। मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि प्रबंधतंत्र से बात की जा रही है, जिससे समय से गुल्लक खोलकर बड़े नोट बैंक में जमा किए जा सकें।

मंदिरों में अचानक बढ़ा दान
अगर जिले की बात की जाए तो मंदिरों की संख्या सात हजार के करीब है। सबसे ज्यादा मंदिर वृंदावन में हैं। मंगलवार की रात से बुधवार की शाम तक मथुरा के मंदिरों में दानदाताओं की संख्या अचानक बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने दान किया है। एक हजार और 500 के नोट दानपेटियों में डाले गए हैं। हालांकि कितना दान आया यह तो तभी पता चलेगा जब गुल्लकों को खोला जाएगा लेकिन माना जा रहा है कि मोटा दान आया होगा।

गोवर्धन में जतीपुरा के मुखारबिंद मंदिर पर किसी व्यक्ति द्वारा 25 लाख रुपये की नकदी भरा बैग छोड़ने की चर्चा रही। किसी ने पुष्टि नहीं की। बुधवार को मथुरा के सभी मंदिरों में भक्तों की संख्या बढ़ गई। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश के कई शहरों से लोग पहुंचे थे। गोशालाओं को भी दान किया गया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें