मथुरा। यमुना का वह किनारा जहां आगामी कुंभ के लिए बनेंगे संतों के पड़ाव स्थल।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। वृंदावन में वर्ष 2021 में होने वाले धर्म और आस्था के समागम (मिनी कुंभ) की तैयारियों के लिए ब्रज विकास तीर्थ परिषद से नगर निगम ने लगभग छह करोड़ रुपये मांगे हैं। इस धनराशि से निगम द्वारा कुंभ में प्रकाश व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई तथा निगम से जुड़ीं अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। करीब एक सप्ताह पहले निगम के अधिकारियों ने मिनी कुंभ में मिली जिम्मेदारियों में आने वाले खर्चे का स्टीमेट बनाकर ब्रज विकास तीर्थ परिषद को सौंपा है।
वृंदावन में यमुना किनारे समागम के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में बैठक ली थी। इसके बाद से ब्रज विकास तीर्थ परिषद के अधिकारी इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। उनके द्वारा सारी व्यवस्थाओं का खाका खींच लिया गया है। इसकी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी विभागवार सौंपी गई हैं। विभागों से इन व्यवस्थाओं के एवज में खर्च भी मांगा गया था।
नगर निगम को इस संत समागम में बड़ी भूमिका सौंपी गई। इस व्यवस्था में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालयों के निर्माण के अलावा अन्य जिम्मेदारी भी दी गई है। इस जिम्मेदारी के मिलने के बाद निगम अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने निगम से संबंधित सभी कार्यों का स्टीमेट तैयार किया। यह खर्चा पांच करोड़, 91 लाख 15 हजार 774 रुपये आ रहा है। जैसे ही निगम अधिकारियों को स्टीमेट के अनुकूल धनराशि मिलेगी वह मिनी कुंभ की तैयारियों में जुट जाएंगे।
स्टीमेट सौंप दिया है
निगम को जो जिम्मेदारी दी गई हैं उसमें होने वाले खर्च का आकलन करके स्टीमेट ब्रज विकास तीर्थ परिषद को सौंपा है। जैसे ही निगम को धनराशि मिलेगी वह तैयारियों में जुट जाएगा।
- सतेंद्र तिवारी, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम मथुरा-वृंदावन
काफी स्थान पर हैं अतिक्रमण
संत समागम की तैयारियों में जुटे निगम अधिकारियों का मानना है कि जिस क्षेत्र में मिनी कुंभ लगेगा वहां पर बहुत से स्थान पर स्थाई तथा अस्थाई अतिक्रमण हैं। इस अतिक्रमण को समागम से पूर्व हटाना पड़ेगा। वहीं, यमुना किनारे के कई स्थानों को किसान भी प्रयोग कर रहे हैं।