कोसीकलां (मथुरा)। गांव बुखरारी के समीप सोमवार की दोपहर बाइक सवार मां-बेटे को ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई, जबकि चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
गांव बरचावली निवासी झम्मन (40) मां कैला देवी (65) के साथ किसी काम से कोसी आया था, जहां से दोनों दोपहर एक बजे के लगभग बाइक से गांव लौट रहे थे। गांव बुखरारी के समीप पहुंचे ही थे, तभी पीछे से तेजगति में आ रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-टॉली ने टक्कर मार दी। दोनों ट्रॉली के नीचे आ गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कंटेनर ने कार में टक्कर मारी
गांव अजीजपुर के समीप सोमवार दोपहर को आगरा से दिल्ली जा रही एक कार को ओवरटेक करने के चक्कर में कंटेनर ने टक्कर मार दी, कार चालक ने कूदकर जान बचाई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया।