मथुरा। कान्हा की नगरी में सूर्य देव के कड़े तेवरों ने लोगों के तनबदन को झुलसा कर रख दिया है। शहर में बृहस्पतिवार का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते बुधवार को यह 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.5 डिग्री रहा था। तापमान में आई मामूली गिरावट से कोई राहत नहीं मिली बल्कि मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में पारा दो से तीन डिग्री और चढ़ सकता है, तापमान के 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।
तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण दोपहर होते ही मुख्य सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर गया। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही पूरी तरह मुंह-हाथ ढक कर बाहर निकले । धूप का असर कम होने पर शाम को बाजारों में भीड़ नजर आई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लू से बचाव के लिए बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।