डीएम राजेश कुमार ने सोमवार को मासिक समीक्षा की। इस दौरान सभी अधिशासी अधिकारियों को महत्वपूर्ण स्थलों पर लगे निजी होर्डिंग्स तत्काल हटवाने के निर्देश दिए गए।
गृहकर की समीक्षा के दौरान मथुरा पालिका के तीन कर निरीक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए ईओ से कहा गया है। तहसीलदारों को निर्देश दिए गए कि पानीगांव, छटीकरा, गणेशरा, मथुरा से गोवर्धन मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजिस्ट्रीकृत जमीनों का सर्वे करा लें कि यहां जमीनों का प्रयोग कृषि कार्य के लिए हो रहा है या प्लाटिंग कर आबादी के लिए किया जा रहा है।
वाणिज्य कर की समीक्षा में चांदी का व्यापार करने वाले बडे़-बड़े व्यापारियों से पिछले पांच साल का विवरण लेने को कहा गया। आरसी की समीक्षा करते हुए डीएम ने एडीएम वित्त को निर्देश दिए कि 31 मार्च तक जिन तहसीलदारों ने आरसी की वसूली पूरी न की हो उनकी चार्जशीट बनाकर अध्यक्ष राजस्व परिषद को भेज दिया जाए।
सभी तहसीलदारों को तहसील मुख्यालय पर निवास करने के लिए नोटिस जारी करने को कहा है। पड़ोसी राज्यों की शराब की जिले में बिक्री पर डीएम ने नाराजगी जताई।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री से संदर्भित शिकायतों का निस्तारण आनलाइन किया जाएगा। ग्राम पंचायतों से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण नामित नोडल अधिकारी 15 दिन मेें करें। बैठक में एडीएम प्रशासन एके अवस्थी, वित्त महेन्द्र प्रसाद, कानून व्यवस्था सुरेन्द्र शर्मा, सचिव एमवीडीए एसबी सिंह, एसडीएम मांट चांदनी सिंह सहित अनेक विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।