ठाकुर राधासनेह बिहारी मंदिर प्रांगण में अखिल भारतीय स्वामी हरिदास संगीत एवं सांस्कृतिक सम्मेलन संस्थान के तत्वावधान में रविवार देर रात तक चले स्वामी हरिदास संगीत सम्मेलन एवं कला रत्न सम्मान समारोह में लोग जमे रहे।
एक के बाद एक कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने लोगों को बांधे रखा। बांसुरी के सुरों के साथ घुंघरूओं की झंकार से समूचा मंदिर प्रांगण संगीतमय नजर आया। बनारस घराने के बांसुरी वादक अतुल शंकर ने जैसे ही बांसुरी की तान छेड़ी वैसे ही पूरा मंदिर प्रांगण भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद ब्रज की प्रख्यात नृत्यांगना गीतांजलि शर्मा ने साथी कलाकारों के साथ ब्रज वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। मयूर नृत्य पर समूचा मंदिर प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। फूलों की होली देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस अवसर पर विधायक प्रदीप माथुर, आचार्य अतुल कृष्ण गोस्वामी, बिहारीलाल वशिष्ठ, जुगल किशोर शर्मा, देवेंद्र शर्मा, बालकृष्ण गौतम आदि उपस्थित थे। संचालन डा. उमेशचंद्र शर्मा ने किया।