फरह। वाइल्डलाइफ एसओएस ने आगरा और मथुरा स्थित अपने केंद्रों में क्रिसमस मनाया। बचाए गए हाथी, भालुओं और उनकी देखभाल करने वालों के बीच उत्सव का माहौल रहा। क्रिसमस के रंगों में लिपटे उपहारों और खूबसूरती से सजाए गए उनके बाड़ों ने इसे और यादगार बना दिया, जिससे सभी बचाव केंद्रों में आनंदमय वातावरण छा गया।
केंद्रों में पेड़ों को घंटियों और सितारों से सजाया गया, जहां देखभाल करने वाले कर्मचारी सांता क्लॉज के वेश में वहां रहने वाले जानवरों के साथ उत्सव में शामिल हुए। पॉपकॉर्न, मूंगफली, खजूर, नारियल और शहद से भरे रहस्यमयी बक्से आश्चर्यजनक रूप से रखे गए, जो जानवरों की जिज्ञासा और भोजन खोजने के व्यवहार को प्रोत्साहित करते हैं।
हाथी संरक्षण केंद्र में माया, फूलकली, एम्मा, तारा और सूरज हाथी ने शाम की सैर के दौरान क्रिसमस के जश्न में भाग लिया। रंग-बिरंगे फलों की दावत और सावधानीपूर्वक तैयार किए गए सरप्राइज बॉक्स, जिनमें पौष्टिक पसंदीदा खाद्य पदार्थ भरे थे, जिससे हाथियों को बेहद खुशी मिली। क्रिसमस पर्व हाथी अस्पताल परिसर में भी मनाया गया, जहां हथिनी बानी को क्रिसमस के लिए विशेष उपहार दिए गए। इसका उसने बड़े उत्साह से आनंद लिया। लपेटे हुए सरप्राइज बॉक्स, सजी हुई फलों की थालियां और सोच-समझकर तैयार किए गए उपहारों ने यह सुनिश्चित किया कि जश्न मनोरंजक और हाथियों के कल्याण पर केंद्रित रहा।
वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि त्योहारी गतिविधियों के माध्यम से हम बचाए गए जानवरों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ उनके लिए एक स्नेहपूर्ण वातावरण भी तैयार कर पाते हैं।