मथुरा। अलीगढ़ में आयोजित तृतीय अंतरजनपदीय पुलिस कबड्डी क्लस्टर प्रतियोगिता (आगरा जोन) में मथुरा की महिला कबड्डी टीम ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में मथुरा ने फिरोजाबाद को 35-32 अंकों से पराजित कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की। आज अलीगढ़ के साथ महिला-पुरुष दोनों टीम का फाइनल मुकाबला होगा।
पीटीआई सुबोध कौशिक ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए सेमीफाइनल में मथुरा और फिरोजाबाद के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच की शुरुआत से ही मथुरा की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। मुकाबले के अंतिम क्षणों तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष रहा, लेकिन मथुरा की टीम ने संयम और बेहतर रणनीति के दम पर तीन अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर ली।
टीम की सफलता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट तालमेल, मजबूत रक्षा पंक्ति और सफल रेड्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मथुरा की ओर से पूजा पचौरी, निक्की पाल, प्रियंका, रोहिणी, रश्मि चौहान, संध्या मिश्रा, किरन, नंदनी, श्रुति, सोनी मलिक, कुमकुम, पूनम, सृष्टि अग्रवाल, विजेता और सोनी सैनी ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई।
प्रतियोगिता में अब मथुरा की महिला टीम का फाइनल मुकाबला शनिवार को मेजबान अलीगढ़ से होगा। वहीं पुरुष वर्ग में भी मथुरा की टीम फाइनल में पहुंच चुकी है। ऐसे में शनिवार को महिला और पुरुष दोनों वर्गों में मथुरा और अलीगढ़ के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।