मथुरा। मथुरा के सूरज चौधरी का प्राइम वालीबॉल लीग में चेन्नई टीम में चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 2 से 26 अक्तूबर तक हैदराबाद में आयोजित की जा रही है। इसमें मथुरा के सूरज चौधरी का चयन सेंटर ब्लॉकर के रूप में किया गया। जिला वालीबॉल संघ के सचिव डॉ. डीपी शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में दो विदेशी खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन वालीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के द्वारा किया जा रहा है।
पूर्व में भी सूरज चौधरी खेलो इंडिया स्वर्ण पदक भारतीय टीम का कैंप एवं उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल लीग में विजेता रहे चुके हैं। इनके बड़े भाई विशाल चौधरी भी वॉलीबॉल के अच्छे खिलाड़ी हैं और पूर्व स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की टीम से स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं।
सूरज चौधरी ने शुरुआती वॉलीबॉल की तैयारी केआर पीजी कॉलेज मथुरा के खेलकूद मैदान पर की है। उसके पश्चात सिरसा साईं, उसके बाद बेंगलुरु साईं एवं गुजरात साईं में अभ्यास किया है।
सूरज की इस उपलब्धि पर जिला वालीबाल संघ के अध्यक्ष रामकिशन अग्रवाल, केआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल एवं केआर टीटी कॉलेज के प्राचार्य कुलविंदर सिंह बग्गा, डायट प्रवक्ता हरीश कुमार सिंह, विजेंद्र कौशिक, हरपाल यादव, श्याम बेरा, केआर पीजी कॉलेज के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. दलवीर सिंह कौन्तेय, वॉलीबॉल अकादमी के कोच जितेंद्र सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव महेंद्र सिंह राजपूत, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह आदि ने बधाई दी है।