गोवर्धन (मथुरा)। अड़ींग में परफॉर्मेंस ग्रांट योजना से बनाई जा रही नाली और सीसी रोड में मानकों की अनदेखी की अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पंचायत सचिव और जूनियर इंजीनियर बुधवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर अनियमितताएं मिलने पर निर्माण कार्य को रुकवा दिया।
अड़ींग में विगत दिनों विधायक कारिंदा सिंह ने 8.50 करोड़ रुपये की नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया था। मंगलवार को सेहरा पाइसा मोहल्ला में सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू कराया गया। निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण में प्रयोग की जा रही सीमेंट, बालू, गिट्टी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए विरोध किया था।
अमर उजाला ने खबर प्रकाशन कर ग्रामीणों की बात अधिकारियों तक पहुंचाई। बुधवार को पंचायत सचिव विजय राज सिंह, जूनियर इंजीनियर (जेई) संजय सिंह मौके पर पहुंचे। जेई संजय सिंह ने बताया कि अड़ींग में परफॉर्मेंस ग्रांट से सीसी निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में लापरवाही के चलते ग्रामीणों के विरोध पर मौके का निरीक्षण किया है। निर्माण कार्य में अनियमितताएं मिली हैं। निर्माण कार्य रुकवा दिया है।