सौंख में फूलडोल मेला के उपरांत चरकुला नृत्य करती महिला।
- फोटो : MATHURA
सौंख (मथुरा)। चरकुला नृत्य व भजन संध्या के साथ बुधवार को सौंख में फूलडोल मेला संपन्न हो गया। मेला में महावीर अखाड़ा के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। मेले के उपरांत शाम को कस्बा की महिलाओं ने चरकुला नृत्य प्रस्तुत किया। महिलाओं ने सवा मन के चरकुला में दीपकों को जलाकर आकर्षक नृत्य किया।
चरकुला में भाग लेने वाली महिलाओं को और बंब पार्टियों को मेला कमेटी ने पुरस्कार प्रदान किए। मेले का शुभारंभ महाराजा ग्रुप के चेयरमैन प्रीतम सिंह व नगर पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह कुंतल ने किया। जिकड़ी भजन प्रतियोगिता में 44 गायक पार्टियों ने भाग लिया। जिकड़ी मंगलवार की रात से शुरू होकर बुधवार को दोपहर तक हुई। गायक कलाकारों को कमेटी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार नगर पंचायत चेयरमैन भरत सिंह कुंतल द्वारा प्रदान किया गया। मेले में आईं 8 बंब पार्टियों को 1500 रुपये प्रत्येक पार्टी को देकर सम्मानित किया। मेले के व्यवस्थापक चेयरमैन चौ. भरत सिंह ने चरकुला नृत्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया। इस मौके पर बाबा कढे़रा सिंह शिक्षण संस्थान के व्यवस्थापक प्रहलाद सिंह, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि विपिन सिंह, सुरेश चौधरी, सभासद संजय गर्ग, चेतन सिंह, विनोद चौधरी, गिरवर सिंह, ओमप्रकाश, अनूप चौधरी, चंदन सिंह आदि उपस्थित थे।