मांट (मथुरा)। अलीगढ़ जनपद के हरदुआगंज थाना क्षेत्र की एक महिला मांट क्षेत्र में प्रेमी के साथ रहने को उसके घर आ गई। परिजनों ने उसे वापस भेजने के लिए मांट पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
महाशिवरात्रि पर कांवड़ लेकर आते समय युवक की महिला से मुलाकात प्रेम प्रसंग में बदल गई थी। मांट क्षेत्र के एक गांव का युवक महाशिवरात्रि पर साथियों के साथ गंगाजी के घाट से कांवड़ लेने गया था। वापस लौटते समय थाना हरदुआगंज क्षेत्र के एक गांव की महिला से उसकी मुलाकात हुई थी, जो बातचीत के दौरान प्यार में बदल गई। रोजाना मोबाइल पर वीडियो कॉल के साथ धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ने लगा।
चार दिन पहले महिला ससुराल से भागकर विवाहित प्रेमी के साथ रहने के लिए उसके घर आ गई। जहां उसे वापस जाने को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी थी। उधर, ससुरालियों ने उसके अपहरण के आरोप की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पता चलने पर युवक के परिजनों ने शनिवार को महिला को वापस भेजने के लिए थाना मांट पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह जावला का कहना है कि हरदुआगंज पुलिस को महिला के बारे में सूचना दे दी है। वह अपने साथ ले जाकर बयान आदि दर्ज कराएगी।