मथुरा। चार दिन पूर्व शहर के पॉश इलाके डैंपियर नगर में वृंदावन की पूर्व सभासद मीरा ठाकुर की गोली मारकर हत्या करने वाले दो हत्यारोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। इनके पास से एक पिस्टल, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। पुलिस तीन अन्य हत्यारोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। हत्या की वजह प्रॉपर्टी व पारिवारिक विवाद है।
10 फरवरी की शाम शहर के डैंपियर नगर में खरीदारी के लिए आईं पूर्व सभासद मीरा ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने पांच टीमें लगाई थीं। शनिवार की रात पुलिस को कामयाबी मिल गई। शहर के भूतेश्वर तिराहा के पास से दो हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह दोनों सगे भाई भागने की फिराक में थे। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश ने बताया कि कोतवाल सूरज प्रकाश शर्मा और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए जीतू उर्फ जितेंद्र व दीवान सिंह निवासी शहजादपुर (फरह) हैं। इनके पास से एक पिस्टल 7.65 एमएम, नौ जिंदा कारतूस, एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस के अलावा वारदात के समय प्रयोग की गई बाइक बरामद की है। टीम में कोतवाल सूरज प्रकाश शर्मा, एसओजी प्रभारी धीरज गौतम, स्वाट टीम प्रभारी सदुवन राम गौतम, सर्विलांस प्रभारी जीवी सिंह, एसआई नीरज भाटी थे।
तीन की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
सीओ सिटी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पिता रमेश, उसका बेटा और दामाद को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही तीनों पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पूर्व सभासद के बेटे राम की ससुराल से चल रहे विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने भी यह स्वीकारा है।