मथुरा/बलदेव। यमुना एक्सप्रेसवे पर बीयर से भरा कैंटर लूटने वाले गैंग के सरगना समेत तीन लुटेरे बलदेव पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। इनके कब्जे से चालक और क्लीनर से लूटी गई धनराशि, मोबाइल और बीयर से भरा कैंटर (कीमत-21 लाख रुपये) बरामद हुआ है।
ग्रेटर नोएडा से मैनपुरी जाते हुए 700 बीयर से भरा कैंटर लूट लिया गया था। चालक शिवकुमार ने थाना बलदेव में मुकदमा दर्ज कराया था। बलदेव पुलिस ने बाइक सवार तीन लुटेरों को गिरफ्तार करके लूट का खुलासा कर दिया। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह यादव और उनकी टीम ने कैंटर लूट का खुलासा कर दिया है। सरगना समेत तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सरगना श्यामसुंदर निवासी करनाल बाईपास स्वरूप नगर भट्ठा रोड गली -13 स्वरूपनगर दिल्ली, जतिन गोला उर्फ रितिक और पुष्पेंद्र निवासी पटना पक्षी बिहार जलेसर, एटा हैं। कब्जे से 24 सौ रुपये और दो मोबाइल मिले हैं। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बलदेव पुलिस को खुलासे के लिए 15 हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया है।
लूटने से पहले तिरपाल काटकर करते थे माल चेक
सीओ महावन नीलेश मिश्र ने बताया कि श्यामसुंदर गैंग का सरगना है, जो पूर्व में भी ट्रक लूट, वाहन चोरी में दिल्ली से जेल जा चुका है। सरगना अपने गैंग के साथ गाड़ियों की लूट करने के उद्देश्य से अपने निवास स्थान से निकलता है। मोबाइल स्विच ऑफ करके रख देता है। यह गैंग हाईवे, एक्सप्रेसवे पर ऐसे ट्रक, कैंटरों को निशाना बनाते हैं, जो सुनसान स्थान या होटल ढाबे के किनारे या दूर खड़े होते हैं।
ट्रक के पीछे लगी तिरपाल को ब्लेड से हल्का सा काटकर माल को देख लेते हैं। साधारण रूप से मार्केट में चोरी छिपे बेचा जा सके, उन्हीं वाहनों को अपना निशाना बनाते हैं। इससे पहले श्यामसुंदर ने दिल्ली में परचून का ट्रक लूटा था। साल 2017 में जेल गया और 4 साल बाद 24 फरवरी-2021 को दिल्ली जेल से रिहा हुआ है। इसके बाद नया गैंग बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा है।